Virat Kohli & Gautam Gambhir Fight : मैदान में भिड़े कोहली और गंभीर, खिलाड़ियों ने किया बीच-बचाव
आईपीएल 2023 के 43वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 18 रन से हरा दिया। इस मैच के दौरान मैदान में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को भी मिला। मैच के दौरान और मैच के बाद दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ी और स्टाफ आपस में भिड़ते नजर आए। पहले विराट कोहली और लखनऊ के नवीन उल हक में भिड़ंत हुई। फिर मैच के बाद लखनऊ के मेंटर गौतम गंभीर से भी उनकी गर्मा-गर्म बहस हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, यह पूरा मामला लखनऊ की पारी के 17वें ओवर में शुरू हुआ था, जब विराट स्टंप के पीछे से दौड़ते हुए आए और नवीन को देखकर कुछ इशारा किया। इस पर अफगानिस्तान के नवीन भी उनके करीब आ गए और दोनों में बहस शुरू हो गई। बेहसबाज़ी के दौरान गंभीर कुछ कहते हैं जिस पर कोहली उन्हें पास बुलाते हैं और उनसे बातचीत करने को कोशिश करते हैं। इस दौरान कोहली और गंभीर दोनों बेहद करीब आ जाते हैं और दोनों के बीच बहस देखने को मिलती है। हालांकि, इस वक्त कोहली ज्यादा शांत दिखाई पड़ते हैं। कोहली और गंभीर को वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी और स्टाफ दूर करते हैं। बाद में वीडियो में दिखता है कि कोहली और लखनऊ के कप्तान राहुल में लंबी बातचीत होती है।हालांकि, यह मामला किस वजह से उठा और दोनों ने एक दूसरे को क्या कहा? इस पर अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। आईपीएल 2013 में भी कोहली और गंभीर दोनों भिड़ गए थे। तब मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। इस मैच में जब कोहली आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे, तब दोनों में बहस हो गई थी। हालांकि, बाकी खिलाड़ियों ने कोहली और गंभीर को दूर किया था और मामला आगे नहीं बढ़ा था।
#viratkohli #gautamgambhir #fight #ipl2023 #sportsnews #bharatsamvad #rcbvslsg
यह खबर भारत संवाद संपादकीय ने तैयार की है। हमारी संपादकीय नीति · कोई गलती दिखी? हमें बताएँ








